सभी प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालयों में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में आमजनों की समस्याओं का हुआ निष्पादन
खूंटी: उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर मंगलवार जिले के सभी प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालयों में लोक शिकायत निवारण कार्यक्रम (जन सुनवाई) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजनों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं को प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं संबंधित थाना प्रभारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त विभिन्न प्रकार की शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया। कई मामलों में तत्काल समाधान सुनिश्चित किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जन सुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु स्थानीय स्तर पर ही सुलभ, पारदर्शी एवं प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता न पड़े एवं उनकी समस्याओं का त्वरित निवारण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में विधि-व्यवस्था एवं अन्य संबंधित मामलों के त्वरित समाधान हेतु संबंधित थाना प्रभारी की भी उपस्थिति सुनिश्चित की गई, जिससे शिकायतों के निष्पादन में समन्वय एवं प्रभावशीलता बनी रही।
उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जन सुनवाई कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें तथा इससे संबंधित प्रतिवेदन ससमय प्रेषित करें, ताकि निगरानी प्रक्रिया सुदृढ़ बनी रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक मंगलवार को प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालयों में तथा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे से समाहरणालय, खूँटी में जिला स्तरीय जन सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन नियमित रूप से किया जा रहा है।



