पेपर लीक से करोड़ों छात्रों का भविष्य खतरे में, केंद्र सरकार जवाब दे: प्रदीप यादव

रांची: झारखंड कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने रविवार को रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और छात्र लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं।
प्रदीप यादव ने दावा किया कि वर्ष 2014 से अब तक देश में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के 152 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 7.5 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक से निराश होकर कई छात्रों ने आत्महत्या तक कर ली, लेकिन सरकार ने दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था उनकी मेहनत पर पानी फेर देती है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों की आवाज उठाने के लिए देशभर में अभियान चला रहे हैं। वहीं, “छात्रों की गूंज” अभियान के संयोजक कुमार राजा ने बताया कि 28 शहरों में 40 दिनों तक चल रहे इस अभियान के तहत छात्र संवाद, मैराथन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मशाल जुलूस आयोजित किए जा रहे हैं। प्रेस वार्ता में अभिलाष साहू, लाल किशोर नाथ शाहदेव और राजन वर्मा भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *