गुरु पूर्णिमा महोत्सव में गूंजे भक्ति और सेवा के स्वर, स्वामी सदानंद महाराज ने दिया मानव सेवा का संदेश

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के संस्थापक परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के पावन सान्निध्य में रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर गुरु पूजन,सत्संग, भजन- कीर्तन तथा आध्यात्मिक प्रवचनों का लाभ प्राप्त किया। महोत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ गुरु पूजन से हुआ। इसके पश्चात भव्य सत्संग एवं संगीतमय भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु गुरु भक्ति एवं भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना में भाव-विभोर दिखाई दिए।अपने प्रेरणादायी आध्यात्मिक प्रवचन में परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा प्रदान करने वाले पथ-प्रदर्शक होते हैं। गुरु के सान्निध्य में ही मनुष्य आत्मिक उन्नति, संस्कार और सेवा के वास्तविक मार्ग को प्राप्त करता है।उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा संचालित देश के विभिन्न सेवा धामो में निराश्रितजनों की सेवा, गौ सेवा तथा मानव सेवा निरंतर की जा रही है। मानव सेवा और गौ सेवा से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं है। समाज का प्रत्येक सक्षम व्यक्ति यदि सेवा कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे तो अनेक जरूरतमंदों के जीवन में आशा का प्रकाश फैलाया जा सकता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना के साथ ट्रस्ट की विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। महोत्सव के दौरान श्री राधा रानी एवं भगवान श्रीकृष्ण का अलौकिक एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी को नवीन एवं आकर्षक वस्त्रों के साथ सुंदर आभूषणों से सुसज्जित किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सायंकाल 101 दीपों से भव्य महाआरती संपन्न हुई, जिससे पूरा मंदिर परिसर दिव्य आलोक से प्रकाशित हो उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। उक्त जानकारी देते हुए ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि इस अवसर पर- डूंगरमल अग्रवाल, विजय अग्रवाल, निर्मल छावनिका, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, शिव भगवान अग्रवाल, संजय सर्राफ, मधुसूदन जाजोदिया, सुरेश अग्रवाल, पंकज पोद्दार, नंदकिशोर चौधरी, नवल अग्रवाल, विशाल जालान, मनीष साहू,प्रभास गोयल, विष्णु सोनी, अरविंद पांडे, ज्ञान प्रकाश शर्मा, विद्या देवी अग्रवाल, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गुरु पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर गुरु के बताए सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक जीवन के आदर्शों का पालन करने का संकल्प लिया।

प्रेस प्रकाशनार्थ
संजय सर्राफ
प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी
श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *