खूंटी में गणेश महोत्सव का भव्य समापन, श्रद्धालुओं की उमड़ी अपार भीड़
खूंटी: बिरसा वाहिनी फाउंडेशन के तत्वावधान में खूंटी जिला मुख्यालय में आयोजित पांच दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के वातावरण में हुआ। 27 अगस्त से 31 अगस्त तक चले इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त किया बल्कि खूंटी की सांस्कृतिक धरोहर को भी नई पहचान दी।
इस महोत्सव का शुभारंभ 26 अगस्त को गणपति बप्पा के भव्य आगमन के साथ हुआ। इसके बाद लगातार पांच दिनों तक सुबह-शाम पूजा-अर्चना, संध्या आरती और महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होकर भक्ति-भाव में डूबे रहे। खास बात यह रही कि सीआरपीएफ बटालियन के अधिकारी और जवान भी महोत्सव में पूरे उत्साह से शामिल हुए और श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने।
महोत्सव का सबसे प्रतीक्षित क्षण 1 सितंबर को आया, जब गणपति बप्पा की प्रतिमा का भव्य विसर्जन किया गया। विसर्जन शोभायात्रा बाजार टांड़ स्थित पंडाल से शुरू होकर खूंटी मुख्य मार्ग होते हुए साहू तालाब तक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गुंजायमान होती रही। आतिशबाजी और खूंटी के मशहूर प्रेम ताशा ग्रुप की मनमोहक धुनों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
बिरसा वाहिनी फाउंडेशन की संस्थापिका एवं राष्ट्रीय अध्यक्षा प्रिया मुंडा ने महोत्सव को मिले जनसमर्थन के लिए खूंटीवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन खूंटी की सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक एकता का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने गणपति बप्पा से खूंटी सहित पूरे झारखंड राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
इस आयोजन को सफल बनाने में शुभम कुमार, चेतन मिश्रा, गुलिट मिश्रा, सत्यम मिश्रा, संजम चौरसिया, उत्तम मिश्रा, रितुल मिश्रा, शुभम जायसवाल, रितेश, प्रेम, दिलीप, प्रिंस समेत अनेक युवाओं का अहम योगदान रहा।



