उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने भवन निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
खूंटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित सभागार में भवन निर्माण से संबंधित सभी कार्यपालक अभियंताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।
इस दौरान उलीहातू में सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास, पथ निर्माण एवं साफ-सफाई, हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था, महिला डॉर्मिटरी, आंगनबाड़ी एवं विद्यालय भवनों तथा अन्य निर्माण कार्यों से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही संबंधित परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक के उपरांत उपायुक्त ने विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस क्रम में निर्माणाधीन सदर अस्पताल एवं एएनएम प्रशिक्षण अस्पताल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को सभी तकनीकी एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उप विकास आयुक्त, संबंधित कार्यपालक अभियंता समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



