उपायुक्त की अध्यक्षता में DMFT न्यास एवं प्रबंधकीय समिति की बैठक संपन्न, लंबित योजनाओं की समीक्षा, नई योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
खूँटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त श्रीमती आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट न्यास समिति एवं प्रबंधकीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में स्वीकृत योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नई योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान डीएमएफटी कलेक्शन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लक्ष्य के अनुरूप संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अब तक अपूर्ण योजनाओं की स्थिति पर गहन समीक्षा करते हुए विलंब के कारणों की जा2नकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप खनन प्रभावित क्षेत्रों में योजनाओं के चयन पर विशेष जोर दिया गया। इस क्रम में प्रत्यक्ष रूप तथा अप्रत्यक्ष रूप से कुल 25 किलोमीटर की परिधि में आने वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विद्यालयों में सोलर पैनल अधिष्ठापन, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, एलईडी लाइट व्यवस्था, भवन मरम्मत (रेनोवेशन), न्यूट्रिशन गार्डन सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्र के माननीय सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।



