डीसी ने पीएम कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया
खूंटी : उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने मंगलवार को खूँटी प्रखंड अंतर्गत विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण क्रम में सर्वप्रथम उन्होंने कालामाटी स्थित पीएम कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खूंटी का निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने विद्यालय में पठन-पाठन व्यवस्था, विद्यालय कक्ष, प्रधानाध्यापक कक्ष, लिपिक कक्ष, किचन एवं मेनू अनुसार भोजन व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में कार्यरत कुक की संख्या एवं बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। विद्यालय की छात्राओं एवं कक्षा 12वीं की छात्राओं से बातचीत कर पढ़ाई, विभिन्न विषयों एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, बच्चों एवं शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बेहतर परिणाम लाने हेतु बच्चों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। विद्यालय परिसर एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मारंगहादा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एमओआईसी से स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए महिला वार्ड, पुरुष ओपीडी, मलेरिया वार्ड, फाइलेरिया क्लिनिक, आयुष ओपीडी, लैब, शल्य कक्ष, दवा स्टॉक एवं उपलब्ध मशीनों का जायजा लिया।
उपायुक्त ने उपलब्ध संसाधनों एवं मशीनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को इलाज में किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने आयुष आरोग्य मंदिर का बेहतर संचालन सुनिश्चित कराने, प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं अस्पताल में होने वाली सर्जरी की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चिकित्सकों, नर्सों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सक्रिय भूमिका निभाने, रोस्टर अनुसार उपस्थित रहने तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ममता वाहन एवं 108 एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके पश्चात उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय, मारंगहादा का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत सचिवालय के बेहतर संचालन, मुखिया कक्ष की व्यवस्था, ज्ञान केंद्र के सुदृढ़ अधिष्ठापन एवं इंटरनेट सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ज्ञान केंद्र में आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता एवं बच्चों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण तैयार करने को कहा।
उपायुक्त ने पंचायत मेंटेनेंस फंड का सदुपयोग सुनिश्चित करने तथा पंचायत भवन में संचालित प्रज्ञा केंद्र का निरीक्षण करते हुए आधार कार्ड एवं विभिन्न प्रमाण पत्रों के निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मियों को ससमय आवेदन जेनरेट करने एवं सभी कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंचायत दिवस के बेहतर आयोजन का निर्देश दिया गया।
इस दौरान उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही स्वास्थ्य सहियाओं से भी मुलाकात की एवं अच्छे से प्रशिक्षण प्राप्त करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



