देश आर्थिक संकट की ओर, जनता पर बोझ डाल रही केंद्र सरकार : सुप्रियो भट्टाचार्य

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए देश की आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को रांची स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि देश आर्थिक बदहाली की ओर बढ़ रहा है और केंद्र सरकार अपनी नीतियों के जरिए आम जनता पर लगातार बोझ डाल रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा लोगों से सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और विदेशी वस्तुओं के उपयोग में कटौती की अपील पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार जनता को त्याग का संदेश दे रही है, लेकिन खुद अपने खर्चों में कोई कटौती नहीं कर रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि देश की आर्थिक स्थिति इतनी चिंताजनक है तो बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्रियों को भी “वर्क फ्रॉम होम” करने का निर्देश दिया जाना चाहिए।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है। उद्योगपति गौतम अदानी और मुकेश अंबानी का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि देश के बड़े संसाधनों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है।
सोना नहीं खरीदने की अपील पर उन्होंने कहा कि इससे देशभर के लाखों स्वर्णकारों और आभूषण कारोबार से जुड़े लोगों के रोजगार पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय परिवारों, खासकर महिलाओं के लिए सोना केवल आभूषण नहीं बल्कि आर्थिक सुरक्षा और आत्मविश्वास का प्रतीक है। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी लागू करने की भी मांग उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *