अंतरराष्टीय योग दिवस पर छात्र-छात्राओं ने किया योगाभ्यास, नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, एकाग्र और तनावमुक्त बनाता है

रांची : सेंट जेवियर्स स्कूल, डोरंडा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के महत्व तथा उसके शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों के प्रति जागरूकता फैलाना था।

योग दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों ने छात्रों को नियमित योगाभ्यास के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और व्यक्तित्व को संतुलित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य फादर फुलदेव सोरेंग, एस.जे. ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक प्राचीन एवं प्रभावी पद्धति है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, एकाग्र और तनावमुक्त बनाता है। योग हमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग का महत्व और बढ़ गया है। योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और आंतरिक संतुलन प्रदान करता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने स्वास्थ्य, एकता और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *