नव नियुक्त सहायक आचार्यों को सीएम हेमंत सोरेन ने सौंपे नियुक्ति-पत्र

रांची: हेमंत सोरेन ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित कार्यक्रम में नव नियुक्त इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि राज्य और समाज के विकास की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त शिक्षक सरकार के प्रतिनिधि के रूप में गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेंगे तथा शिक्षा और सामाजिक बदलाव की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड का बड़ा हिस्सा आदिवासी, दलित और पिछड़ा वर्ग बहुल है, जो लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा। ऐसे में शिक्षकों और महिला कर्मियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से कहा कि वे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बच्चों और महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट विद्यालय जैसी योजनाओं के माध्यम से राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले चार महीनों में शिक्षा विभाग में 9 हजार से अधिक तथा बीते दो वर्षों में 16 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां देश के कई हिस्सों में पेपर लीक जैसी घटनाओं से नियुक्तियां प्रभावित हो रही हैं, वहीं झारखंड में लगातार नियुक्ति प्रक्रिया जारी है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयाँ सम्मान योजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 60 लाख महिलाओं को इस योजना से लाभ मिल रहा है और महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि आज बेटियां कलेक्टर जैसे पदों तक पहुंच रही हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नवनियुक्त अभ्यर्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *