जापान का सबसे महंगा मियाजाकी आम अब झारखंड के खूंटी में, इंटरनेशनल मार्केट में ढाई से तीन लाख रुपये किलो तक कीमत

रांची: फलों का राजा कहलाने वाला आम अब झारखंड के किसानों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बनता जा रहा है। जापान की बेहद चर्चित और दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल मियाजाकी आम की खेती अब झारखंड के खूंटी जिले के मर्चा और मुरहू क्षेत्र में हो रही है। अपनी खास रंगत, स्वाद और ऊंची कीमत के कारण यह आम देश-विदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सामान्य आम जहां हरे या पीले रंग के होते हैं, वहीं मियाजाकी आम का रंग बैंगनी और लाल होता है। यह देखने में बेहद आकर्षक और स्वाद में काफी मीठा माना जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत ढाई लाख से तीन लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाती है, जबकि भारत में यह पांच हजार से 15 हजार रुपये प्रति किलो के भाव में बिकता है।
खूंटी की किसान सोबती देवी ने बताया कि इस आम का पौधा ऑनलाइन कोलकाता से मंगवाया गया था। पौधा लगाने के करीब तीन साल बाद इसमें फल आने शुरू हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि बगीचे में मियाजाकी के साथ अमेरिकन पाल्मर प्रजाति के आम भी लगाए गए हैं। जून महीने में दोनों किस्म के आम पकते हैं और फल आने से पहले ही व्यापारियों द्वारा इसका ऑक्शन कर लिया जाता है। कई बार बाहर के व्यापारी पूरे बगीचे की खरीदारी कर लेते हैं।
वहीं व्यवसायी सह मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने बताया कि खूंटी के कई किसान महंगे दामों पर पौधे मंगवाकर इसकी खेती कर रहे हैं। हालांकि नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण बाहरी व्यापारी यहां आने से बचते हैं, जिससे किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि सरकार यदि ऐसे किसानों को प्रोत्साहन दे तो झारखंड के किसानों की आय में बड़ा इजाफा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *