नववर्ष पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिकनिक स्पॉट का किया निरीक्षण, पर्यटन विकास पर दिया जोर

रांची: नववर्ष 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को राजधानी रांची के प्रमुख पिकनिक स्थलों का निरीक्षण किया। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से धुर्वा डैम पहुंचकर वहां की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तार से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हुए चाय की चुस्की के साथ कुछ समय भी बिताया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र को सुनियोजित और व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन विकास से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और यह स्थल रांची शहर के पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरेगा। उन्होंने यह भी कहा कि धुर्वा डैम न केवल रांची का महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी लिए। उन्होंने अधिकारियों को जनसहभागिता के साथ विकास कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय जरूरतों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा सकें। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धुर्वा स्थित झारखंड न्यायिक अकादमी का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अकादमी की अधोसंरचना, प्रशिक्षण व्यवस्था और चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *