नगर पंचायत के जमुवादाग में श्रमदान कर लोगों ने खुद ठीक की जर्जर सड़क

खूंटी : लगातार हो रही बारिश से नगर के कई मोहल्लों की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़कों पर लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से लोगों में आक्रोश है।

नगर पंचायत क्षेत्र के जमुवादाग की सड़क भी लंबे समय से जर्जर पड़ी थी। कई बार यहां के लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय में आवेदन देकर सड़क की मरम्मत की मांग की, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हालात यह हो गए कि सड़क पर बने गड्ढों से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। वाहन चालकों को तो रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ऐसे में रविवार को ग्रामसभा के लोग आगे आए और श्रमदान कर सड़क की मरम्मत का बीड़ा उठाया। ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों को मिट्टी और पत्थर डालकर भरा। इससे लोगों को फिलहाल थोड़ी राहत मिली है।

हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यह केवल अस्थायी समाधान है। बरसात और भारी वाहनों की आवाजाही से यह मरम्मत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन, स्थानीय विधायक और सांसद से अपील की है कि वे इस समस्या को गंभीरता से लें और सड़क के स्थायी मरम्मत या पुनर्निर्माण की दिशा में शीघ्र कदम उठाएं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *