लातेहार पहुंचे नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, डीसी-एसपी ने किया स्वागत
लातेहार : राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद अपने पैतृक जिला एवं विधानसभा क्षेत्र लातेहार पहुंचे बैद्यनाथ राम का शनिवार को स्थानीय परिसदन में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने उनका गर्मजोशी से स्वागत कर उन्हें बधाई दी।
परिसदन में हुई मुलाकात के दौरान सांसद बैद्यनाथ राम ने जिले में चल रहे विकास कार्यों एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को जिले में और अधिक गति देने की आवश्यकता है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सांसद ने जिले की विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया तथा आम जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
इस अवसर पर परिसदन में बड़ी संख्या में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित सांसद का फूल-मालाओं से स्वागत कर खुशी जाहिर की और उनके निर्वाचन को जिले के लिए गौरव का विषय बताया।
उल्लेखनीय है कि झारखंड में हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव में झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम विजयी होकर राज्यसभा पहुंचे हैं। उनके निर्वाचन के बाद लातेहार सहित पूरे पलामू प्रमंडल में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।



