राजनीति के एक अध्याय का हुआ अंत ,गरीबों के मसीहा पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह का निधन

बोकारो – गोमिया विधान सभा के पूर्व विधायक एवं बिहार-झारखंड सरकार में मंत्री रह चुके माधव लाल सिंह का बुधवार को निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और रांची के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी था। उनके निधन की खबर मिलते ही गोमिया विधान सभा समेत पूरे बोकारो जिला में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक एवं आम जनमानस में गहरा दुख देखा गया।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पहले बोकारो के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। चिकित्सकों की निगरानी में लगातार उनका उपचार चल रहा था, लेकिन बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
माधव लाल सिंह गोमिया विधानसभा क्षेत्र की राजनीति का एक बड़ा और प्रभावशाली चेहरा माने जाते थे। उन्होंने वर्ष 1985, 1990, 2000 और 2009 में गोमिया विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। वर्ष 2000 में बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री बने तथा झारखंड राज्य गठन के बाद वर्ष 2003 में भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। अपने सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और जनसरोकारों से जुड़े रहने के कारण वे क्षेत्र में “माधव बाबू” के नाम से लोकप्रिय थे।
उनके निधन पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि माधव लाल सिंह का निधन क्षेत्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि माधव बाबू हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते थे और गरीबों की आवाज बनकर संघर्ष करते रहे।
माधव लाल सिंह जमीन से जुड़े नेता थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा आम लोगों के हित में काम किया और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का प्रयास किया। सूबे के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि माधव बाबू का व्यक्तित्व बेहद सरल और प्रेरणादायी था। उनका निधन सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।
शोक व्यक्त करते हुए कहा कि माधव लाल सिंह ने अपने कार्यकाल में विकास और जनसेवा को हमेशा प्राथमिकता दी। वे क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते थे।
माधव बाबू गरीबों और जरूरतमंदों के सच्चे हितैषी थे। उनका निधन समाज के लिए बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल होगा।
कई समाजसेवी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि माधव लाल सिंह का पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास और लोगों की भलाई के लिए कार्य किया। माधव बाबू जैसे जन नेता विरले होते हैं। उनका निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों एवं समर्थकों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *