डीपीएस बोकारो के ‘स्टार कॉन्टेस्ट’ में मंच पर उतरे हुनर के सितारे

बोकारो। विद्यार्थियों के भीतर छिपी कलात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से डीपीएस बोकारो की सीनियर इकाई में स्टार कॉन्टेस्ट का आयोजन किया गया। इसका फाइनल राउंड शुक्रवार को संपन्न हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने गायन, वादन, नृत्य और दृश्य-कला में अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन कर सबकी भरपूर सराहना पाई। मंच पर उतरे हुनर के भावी सितारों ने जमकर अपने जौहर दिखाए। विद्यालय के कालिदास कला भवन में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत बैंड कैटेगरी में आर्केस्ट्रा प्रतियोगिता से हुई, जिसमें की-बोर्ड, गिटार, क्लैप बॉक्स व अन्य वाद्य यंत्रों पर प्रतिभागियों ने जोश से भरी ऊर्जावान प्रस्तुति दी। उन्होंने सुर-ताल व लयकारी का आकर्षक सम्मिश्रण तथा उत्कृष्ट सामंजस्य प्रस्तुत किया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर अर्का राज एवं ग्रुप को प्रथम स्थान मिला। विराज झा एवं टीम दूसरे, तो रुद्रांग्सु रॉय एवं उसकी टीम तीसरे स्थान पर रही।
निर्णायकों में विद्यालय की प्राइमरी इकाई की शिक्षिका आभा कुमारी झा, स्वीटी अनिल कुमार, शिक्षक मयंक कुमार भक्ता एवं लोकेश नायक शामिल रहे।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस गंगवार ने सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों को सराहते हुए कहा कि हर विद्यार्थी अपने-आप में प्रतिभावान है। हार-जीत से ज्यादा प्रतियोगिता में भाग लेना महत्वपूर्ण है। बच्चे हुनर के प्रति अपना जुनून बनाए रखें। विद्यालय उनकी प्रतिभा को प्रदर्शित करने तथा तराशने का हर अवसर और मंच प्रदान करने की दिशा में कटिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *