लखपति कुमार साहू ने राज्यपाल से की मुलाकात, रांची नगर निगम में डिप्टी मेयर के प्रत्यक्ष चुनाव की मांग
गणादेश,रांची : रांची नगर निगम के डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशी एवं झारखंड आंदोलनकारी लखपति कुमार साहू ने शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को बताया कि पूर्व में मेयर और डिप्टी मेयर दोनों का चुनाव सीधे जनता द्वारा किया जाता था, लेकिन इस बार डिप्टी मेयर का चुनाव पार्षदों के बहुमत से कराए जाने की व्यवस्था की गई है।
लखपति साहू ने कहा कि नगर निगम के 53 वार्डों में किसी भी उम्मीदवार को डिप्टी मेयर बनने के लिए कम से कम 28 पार्षदों का समर्थन चाहिए, जिससे वोट के बदले मांग बढ़ने और सौदेबाजी की आशंका रहती है। इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा और जनता के मुद्दे पीछे छूट सकते हैं। उन्होंने प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता को अपना प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह मेयर पद को एसटी वर्ग के लिए आरक्षित कर अवसर दिया गया है, उसी प्रकार डिप्टी मेयर पद के प्रत्यक्ष चुनाव से अनारक्षित वर्ग के लोगों को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उचित भागीदारी मिलेगी।
राज्यपाल ने पूरे विषय को गंभीरता से सुनते हुए राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग से चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में विजय दत्त पिंटू, दौलत कुमार साहू, अनूप साहू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



