चतरा में महिला पर डायन-बिसाही का आरोप,बेरहमी से की गई मारपीट
रांची : झारखंड में अंधविश्वास और डायन-बिसाही के नाम पर महिलाओं के साथ हिंसा का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला चतरा जिले के वशिष्ठ नगर (जोरी) थाना क्षेत्र के कटैया गांव से सामने आया है। यहां जमीन विवाद को लेकर एक महिला पर डायन-बिसाही का आरोप लगाकर कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है।
पीड़िता की पहचान राजकुमारी देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उनके पति अर्जुन यादव दिल्ली में मजदूरी करते हैं। पति के बाहर रहने के कारण राजकुमारी देवी अपने बच्चों के साथ गांव में रहती हैं। इसी दौरान जमीन में हिस्सेदारी को लेकर गांव के कुछ लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, जमीन में हिस्सेदारी को लेकर चल रहे पुराने विवाद के बीच महिला पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने राजकुमारी देवी के साथ मारपीट की। घटना के दौरान महिला के साथ हुई कथित ज्यादती का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। महिला के साथ इस तरह की कथित हिंसा ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में अंधविश्वास और डायन-बिसाही के नाम पर होने वाली प्रताड़ना का मुद्दा सामने ला दिया है।


