रोसड़ा में प्रियंका गांधी का रोड शो, जनसैलाब उमड़ा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण न करने पर उठे सवाल

समस्तीपुर/रोसड़ा:रोसड़ा शहर में बिहार विधानसभा चुनाव अभियान के तहत सोमवार को रोसड़ा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने महागठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में भव्य रोड शो किया। उनके आगमन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रोड शो नंद चौक से शुरू होकर सिनेमा चौक होते हुए गांधी चौक के रास्ते हेलिपैड स्थल तक पहुंचा। करीब दो किलोमीटर लंबे इस रोड शो में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक प्रियंका गांधी की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े।
प्रियंका गांधी के साथ पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने कार के छत पर में सवार होकर लोगों का अभिवादन किया। जगह-जगह समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और कांग्रेस व महागठबंधन के समर्थन में नारे लगाए। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल जोशीला और उत्साहपूर्ण रहा।हालांकि रोड शो के दौरान गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर प्रियंका गांधी द्वारा माल्यार्पण न किए जाने को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई। कुछ स्थानीय नागरिकों ने इसे गांधी परिवार द्वारा राष्ट्रपिता का अपमान बताते हुए नाराजगी जताई है।प्रियंका गांधी के रोड शो ने रोसड़ा की सियासी हवा में नई हलचल पैदा कर दी है। महागठबंधन को उम्मीद है कि उनके आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा का संचार होगा, वहीं विरोधी दल इसे एक ‘राजनीतिक दिखावा’ करार दे रहे हैं। आगामी चुनावी समीकरणों पर इस रोड शो का असर क्या होगा, यह आने वाला समय बताएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *