भागलपुर में सीएम का चुनावी हुंकार, ‘हमने कहलगांव में विकास की गंगा बहा दी, अब शुभानंद को जिताइए’
गणादेश,भागलपुर। बिहार की सियासत इन दिनों पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुकी है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर जिले में तीन चुनावी सभाओं के माध्यम से जनता से अपने विकास मॉडल पर मुहर लगाने की अपील की। कहलगांव, सुल्तानगंज और गोपालपुर विधानसभा क्षेत्रों में नीतीश की सभाओं में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर जगह वही परिचित नारा गूंजा – नीतीश है तो भरोसा है। इसी मंच पर निर्दलीय प्रत्याशी ओमप्रकाश मंडल ने जेडीयू प्रत्याशी शुभानंद मुकेश को समर्थन देने की घोषणा की। जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस राजनीतिक मिलन को शुभ संकेत बताया। उल्लेखनीय है कि इस प्रयास की नींव गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने एक दिन पूर्व ही कहलगांव में रखी थी। कहलगांव से शुभानंद मुकेश, सुल्तानगंज से ललित मंडल और गोपालपुर से शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल जेडीयू प्रत्याशी हैं।
पहली सभा गोपालपुर के तीनटंगा में, दूसरी कहलगांव के मुकतापुर में और तीसरी सभा सुल्तानगंज में हुई। कहलगांव की सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा, कभी इस इलाके में शाम ढलते ही लोग घरों में बंद हो जाते थे। आज बच्चे-बच्चियां बेखौफ घूमते हैं। यह बदलाव यूं ही नहीं आया, इसके पीछे हमारी सरकार की मेहनत है।
उन्होंने भावनात्मक अंदाज में कहा, सदानंद बाबू ने इस क्षेत्र के लिए बहुत काम किया। अब उनका बेटा शुभानंद आगे बढ़ रहा है। आप सब उनका साथ दीजिए, अपार बहुमत से मुकेश को जिताइए। हमने यहां सड़कों का जाल बिछा दिया है, स्कूल-कॉलेज बना दिए हैं। अब विकास की यह रफ्तार रुकनी नहीं चाहिए।
सीएम ने आगे कहा कि भागलपुर में हवाई अड्डा बनेगा, गंगा पर दूसरा पुल तेज गति से बन रहा है, विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना होगी, बटेश्वर में सड़क-सह-रेल पुल और कैंसर अस्पताल सहित कई बड़े प्रोजेक्ट पूरे किए जा रहे हैं। आने वाले समय में दर्जनों और विकास कार्य शुरू किए जाएंगे, उन्होंने कहा।
सीएम नीतीश कुमार ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, 2005 से पहले बिहार की हालत बहुत खराब थी। बिजली नहीं, सड़क नहीं, पढ़ाई-इलाज की कोई व्यवस्था नहीं थी। पहले फालतू सरकार थी, झगड़े-फसाद होते थे। हमने सबके लिए काम किया – चाहे हिंदू हों या मुसलमान।
उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने 2006 में कब्रिस्तानों की घेराबंदी शुरू की थी ताकि किसी तरह का विवाद न हो। 2016 में पुराने मंदिरों की सुरक्षा के लिए भी कदम उठाए गए। हमने सबके लिए काम किया, किसी के साथ भेदभाव नहीं किया, नीतीश ने दोहराया।
जनसभा में मुख्यमंत्री ने महिलाओं की भागीदारी को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा,2006 में पंचायती राज में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, 2013 में पुलिस में 35 प्रतिशत और 2016 में सभी सरकारी नौकरियों में भी 35 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया गया। आज बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या देश में सबसे ज्यादा है।
2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर यह योजना शुरू की गई थी। तब कुछ हजार समूह थे, आज इनकी संख्या 1 करोड़ 40 लाख तक पहुंच चुकी है।
रोजगार पर बड़ा दावा – “10 लाख नौकरी पूरी, अब 1 करोड़ युवाओं को काम देंगे” रोजगार के मुद्दे पर नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा,2020 में हमने 10 लाख नौकरियां और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था। अब तक 10 लाख सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और 40-50 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। अब हमारा लक्ष्य है – अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देना। हर सभा में नीतीश ने विकास, सुशासन और महिलाओं की भागीदारी को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
सभा समाप्त होने के बाद मंच से उतरते समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुभानंद के कंधे पर हाथ रखकर कहा, अब यह नौजवान आगे बढ़ रहा है, इसे जीताइए ताकि कहलगांव का विकास तेज गति से आगे बढ़ता जाए। मंच के नीचे खड़ी भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से जवाब दिया -फिर एक बार, नीतीश सरकार!



