सीएम ने सौंपा 37 सहायक निदेशक और 56 वैज्ञानिक सहायकों को नियुक्ति पत्र, कहा झारखंड में होंगी 40 हजार पदों पर नियुक्तियां,

रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को प्रोजेक्ट भवन के सभागार में राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला के लिए 37 सहायक निदेशक और 56 वैज्ञानिक सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि अवर सेवा के पद पर 12000 नियुक्तियों के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। राज्य सेवा आयोग को 40000 पदों पर नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य का विधि विज्ञान प्रयोगशाला इतना विकसित बनाएंगे कि दूसरे राज्यों के सैंपल भी झारखंड में जांच के लिए आएंगे। राज्य के सभी पांचों प्रमंडलों में फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री को विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार पारा शिक्षकों की समस्याओं का समाधान हो चुका है। दो साल तक कोविड के कारण राज्य परेशान था। अब दौड़ने जा रहा है। अब नियुक्तियां तेज होंगी। कुछ दिन पहले कृषि विभाग में 100 पदाधिकारियों को नियुक्त किया था। सरकार हर विभाग में खाली पदों को भरने के लिए तत्पर है। सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक नियुक्तियां हो और झारखंड के युवाओं को रोजगार मिले। सीएम ने कहा कि गृह विभाग की समीक्षा के बाद मैंने जेल के कैदियों की समीक्षा की थी। समीक्षा के दौरान जानकारी मिली थी 90 प्रतिशत कैदी आदिवासी समूह से हैं। कोई मुर्गी चोरी तो कोई बकरी चोरी तो कोई पेड़ काटने के जुर्म में बंद है। जिसकी अधिकतम सजा तीन साल है। लेकिन इन कैदियों ने पांच साल तक जेल में काट लिया है। ऐसे कैदियों को जेल से निकल जाना चाहिए था, लेकिन उनके पास अपना कोई शुभचिंतक नहीं है, जो उसे बाहर निकाल सके। सरकार इन कैदियों को बाहर निकालने पर विचार कर रही है। इस दिशा में सरकार ने पहल शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *