अपने जनविरोधी कार्यों के रिकॉर्ड बना रही है सरकार : संजय सेठ

रांची: राज्य की जनता को अपने कार्यकाल के पहले ही दिन से दहशतजदा करने वाली यह सरकार अब होल्डिंग टैक्स के नाम पर जनता का शोषण और दोहन करना चाह रही है। जिस तरह से होल्डिंग टैक्स में बेतहाशा वृद्धि की गई है, यह सीधे-सीधे जनता के दोहन के लिए ही प्रतीत होता है। यह सरकार अपने जनविरोधी कार्यों का एक रिकॉर्ड बना रही है। उक्त बातें रांची के सांसद श्री संजय सेठ ने कही।

सांसद श्री सेठ ने कहा कि रांची नगर निगम की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। नागरिकों को न बिजली मिल पा रही है। ना ससमय पानी मिल रहा है। ना साफ-सफाई बेहतर स्थिति में है। ना समुचित कचरे का उठाव हो रहा है। अपने काम के लिए लोग नगर निगम के कार्यालय के चक्कर पर चक्कर काट रहे हैं। सरकार को इन सब की बिल्कुल भी चिंता नहीं है। सरकार का कर्तव्य लोगों का कल्याण होता है। सरकार लोक कल्याण के लिए काम करती हैं। यह सरकार लोकतांत्रिक तरीके से चुनी तो गई है परंतु यह लोक के दोहन और शोषण के लिए काम कर रही है। सरकार को अपने अधिकार की खूब चिंता है परंतु कर्तव्य भी पूरे करने हैं। इस पर ध्यान ही नहीं है।

श्री सेठ ने कहा कि जिस तरह से होल्डिंग टैक्स में मनमाने तरीके से वृद्धि की गई है, यह कहीं से भी न्याय संगत नहीं है। एक तो कोरोना की मार से लोग अभी तक उबरे नहीं है। कई तरह की समस्याओं से लोग जूझ रहे हैं। ऊपर से इस कदर होल्डिंग टैक्स की वृद्धि समझ से परे है।
आखिर झारखंड के नागरिक क्या करें। कहां जाएं। किसको सुनाएं। बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति होती जा रही है। सरकार ने यदि अब भी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया तो वह दिन दूर नहीं होगा जब यह सरकार और झामुमो, कांग्रेस और राजद के सिपहसालार, दोनों ही इतिहास बनकर रह जाएंगे। क्योंकि लोकतंत्र में लोक सबसे महत्वपूर्ण होता है। लोगों का ख्याल नहीं रखेंगे तो लोक आप को सत्ता से बाहर भी करेगी। सरकार को बिना किसी लाग लपेट के बढ़े हुए इस होल्डिंग टैक्स को वापस लेना चाहिए। पहले रांची नगर निगम क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तरफ ध्यान देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *