जब तक हम जीवित हैं, जेटली जी के लिए सम्मान बना रहेगा : नीतीश

पटना : पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. अरुण जेटली की जयंती पर एक राजकीय समारोह का आयोजन पीसी कॉलोनी, कंकड़बाग स्थित सेक्टर-ए, पार्क संख्या-31 में किया गया। जहां राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अरुण जेटली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चन्द्र ठाकुर, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन सह सूचना एवं जन-सम्पर्क मंत्री संजय कुमार झा, पूर्व मंत्री सह विधायक नन्द किशोर यादव, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह सहित तमाम गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी स्व. अरुण जेटली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने कहा कि अरुण जेटली से हमारा पुराना संबंध था। जेटली जी की भी जेपी आंदोलन में भूमिका थी और वे दिल्ली में थे। हमलोगों का उसी समय से संपर्क था। बाद में श्रद्धेय अटल जी की सरकार में जब हम आए तो उनसे संबंध और बढ़ गया। भाजपा से अलग होने के बाद भी उनसे हमारा व्यक्तिगत संबंध था। देश और विभिन्न राज्यों के लिए उन्होंने बहुत अच्छा काम किया। शुरू से ही उनके प्रति मेरे मन में आदर का भाव रहा है। जब हमलोग बिहार में वर्ष 2005 और वर्ष 2010 में चुनाव लड़ रहे थे तो वे ही यहां के प्रभारी थे। उस दौरान जब वे क्षेत्र से घूमकर आते थे तो रात में हमलोग एक साथ बैठते थे।
सीएम ने आगे कहा कि अरुण जेटली का निधन कम उम्र में हो गया। उनके निधन के बाद हमलोगों ने निर्णय लिया कि बिहार में उनके जन्मदिन पर राजकीय समारोह का आयोजन करेंगे। वर्ष 2019 में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई और कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जब तक हम जीवित हैं, सदा उनके प्रति हमारा सम्मान बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *