छात्रों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गंभीर,बीजेपी छात्रों को कर रही दिग्भ्रमित : बैद्यनाथ राम

गणादेश,रांची : जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं और छात्र आंदोलन को लेकर राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन छात्रों के मुद्दे पर गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है। अनियमितताओं की जांच के लिए सीआईडी की कार्रवाई शुरू की गई और इस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है।
बैद्यनाथ राम ने कहा कि छात्रों की मांग पर सरकार ने जेपीएससी-जेएसएससी सीजीएल समेत टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द किया है। इसके बाद छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इस मुद्दे पर भाजपा की राजनीतिक दुकानदारी नहीं चली तो उसने छात्रों को उकसाने का काम शुरू कर दिया।
हाईकोर्ट के आदेश पर उन्होंने कहा कि सरकार न्यायपालिका का सम्मान करती है। अदालत के आदेश के बाद छात्रों में निराशा हुई है, लेकिन सरकार ने अपना पक्ष अदालत के सामने रखा है। अगली सुनवाई में सरकार मजबूती से अपना पक्ष रखेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होंगे, उन्हें सरकार और न्यायालय किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ेंगे।
राज्यसभा सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करना चाहती है, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के मामले में राज्य सरकार पूरी तरह गंभीर है।
बैद्यनाथ राम ने कहा कि जेपीएससी की पहली और दूसरी परीक्षा की सीबीआई जांच चल रही है। अब तक सीबीआई की ओर से रिपोर्ट नहीं दी गई है, हालांकि जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए हैं, उनके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कोचिंग माफिया ने छात्रों के आंदोलन को भटकाने और उन्हें भड़काने का काम किया। उनके अनुसार, सरकार के मंत्री छात्रों के साथ लगातार वार्ता कर रहे थे और बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही थी।
उन्होंने कहा कि छात्रों की जो जायज मांगें थीं, सरकार ने उन्हें स्वीकार किया है। यदि कोई दूसरा पक्ष अदालत में जाता है तो सरकार न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करेगी। अदालत ने सरकार को अपना पक्ष रखने के लिए जो समय दिया है, उसमें सरकार मजबूती से अपना पक्ष रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *