आमजनों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें अधिकारी, शिकायतों का समय पर करें निष्पादन : डीसी
रांची : समाहरणालय में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, पंजी-2 में सुधार, राशन कार्ड, पेंशन, प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में सिल्ली अंचल में पदस्थापित अनुसेवक मंगरा भोक्ता के खिलाफ भी शिकायत मिली। उनकी पहली पत्नी ने बेटे और बहू पर मारपीट एवं प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। महिला ने संपत्ति बेचने से इनकार करने पर मारपीट किए जाने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुसेवक को शो-कॉज जारी करने और वेतन रोकने का निर्देश दिया।
वहीं, राशन कार्ड के अभाव में इलाज में परेशानी झेल रहे दो परिवारों ने भी गुहार लगाई। खलारी निवासी शंकर प्रसाद गुप्ता ने अपनी 22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड बनाने का आवेदन दिया। वहीं, फेफड़े की गंभीर बीमारी से जूझ रहे बाली मिश्रा ने आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने के लिए राशन कार्ड की मांग की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दोनों मामलों में शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया।
इसके अलावा आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकारी नीति के तहत लाभ नहीं मिलने, 2016 की होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया, जमीन के नाम पर ठगी, म्यूटेशन, पंजी-2 में सुधार और पेंशन से जुड़ी शिकायतों पर भी संज्ञान लिया गया। प्रमाण पत्रों से संबंधित आवेदनों के निष्पादन के लिए भी निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रखंड, अंचल, पंचायत और थाना स्तर पर ही आम लोगों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। अधिकारियों को आमजनों के प्रति संवेदनशील रहने, शिकायतों को गंभीरता से लेने और अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने का निर्देश दिया।

