26 नवंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी निकालेगी राज्य स्तरीय ‘संविधान रक्षक रैली
रांची : आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय ‘संविधान रक्षक रैली’ की तैयारियों को लेकर रविवार को राजकीय अतिथिशाला, मोरहाबादी, रांची में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी फ्रंटल संगठनों एवं विभागों के अध्यक्षों को 26 नवंबर के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने जिला, विधानसभा एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 नवंबर को राज्य स्तरीय संविधान रक्षक रैली डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से प्रारंभ होगी तथा मार्च करते हुए बिरसा चौक स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष संपन्न होगी।
बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि आज देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं और संविधान की मूल भावना के साथ जिस प्रकार खिलवाड़ किया जा रहा है, वह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों की सुरक्षा और नागरिकों के अधिकारों को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से 26 नवंबर की संविधान रक्षक रैली अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पूरी मजबूती के साथ संघर्ष कर रही है। इसी क्रम में पूरे देश में संविधान रक्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 26 नवंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपने सभी फ्रंटल संगठनों एवं विभागों के साथ मिलकर राज्य की जनता को यह संदेश देगी कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी है। किसी भी प्रकार के अन्याय और संवैधानिक अधिकारों के हनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

