एमएमडीआर के खिलाफ विधानसभा का पारित किया जाएगा प्रस्ताव: सुरेश पासवान
रांची : झारखंड विधानसभा में एमएमडीआर कानून और एसआईआर के मुद्दे पर विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। इसको लेकर राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य सरकार को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना पड़ा है। झारखंड सरकार एमएमडीआर कानून का विरोध करती है और विशेष सत्र में इसके खिलाफ प्रस्ताव पारित करेगी।
राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, लेकिन केंद्र सरकार राज्य के खनिजों पर मिलने वाली रॉयल्टी की राशि को लेकर अड़ंगा लगा रही है। केंद्र सरकार के पास झारखंड की करोड़ों रुपये की रॉयल्टी बकाया है। राज्य के विकास के लिए खनन से मिलने वाली रॉयल्टी का भुगतान जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार एमएमडीआर कानून के खिलाफ सदन में अपनी आवाज बुलंद करेगी।
एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इसके माध्यम से वोट चोरी करने की कोशिश कर रही है। घुसपैठ और बांग्लादेशी नागरिकों का हवाला देकर एसआईआर के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है। भाजपा की सरकार लोगों को तबाह करने में लगी है। उन्होंने कहा कि देश के मुसलमान भी भारत के नागरिक हैं और उन्हें मतदान करने का पूरा अधिकार है, लेकिन भाजपा उन्हें निशाना बना रही है। दोनों मुद्दों पर सदन में प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य बनने के बाद भाजपा के शासनकाल में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने के बाद राज्य में विकास कार्यों में तेजी आई है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। झारखंड अब विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

