डीसी ने सहयोग विलेज का किया निरीक्षण,बच्चों का लिया हाल
खूंटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने शनिवार को खूंटी प्रखंड अंतर्गत डुगडुगीया स्थित सहयोग विलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाल गृह में रह रहे बच्चों की देखभाल, भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बाल गृह परिसर के विभिन्न कक्षों, रसोईघर, भंडार गृह, भोजनालय एवं स्पेशल केयर कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों को मेनू के अनुसार पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराने और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच करने को कहा।
सर्दी के मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने बच्चों के लिए पर्याप्त संख्या में स्वेटर, कंबल एवं अन्य आवश्यक गर्म कपड़ों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि बच्चों को ठंड से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं हेल्थ कैंप आयोजित करने की बात कही, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी की जा सके।
उपायुक्त ने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कौशल विकास के माध्यम से उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खेलकूद और मनोरंजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके तहत फुटबॉल, बैडमिंटन, कैरम सहित अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उपायुक्त ने बाल गृह में रह रहे बच्चों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर बातचीत की तथा उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को नियमित पठन-पाठन करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
उपायुक्त ने सहयोग विलेज में सीसीटीवी की जांच किया, सहयोग विलेज में कार्यरत नर्स, रसोइया, गार्ड एवं अन्य कर्मियों से संवाद करते हुए अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील एवं सजग रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाल गृह में रह रहे बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मौके पर नियोजन पदाधिकारी-सह-सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

