उपायुक्त की अध्यक्षता में विधि शाखा से संबंधित मामलों की हुई समीक्षा, न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन में लाएं तेजी : उपायुक्त
लातेहार : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में विधि शाखा से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय में लंबित वादों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने विभागवार वादों की संख्या, प्रगति एवं रिपोर्टिंग की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सरकार से संबंधित सभी न्यायिक प्रकरणों का समयबद्ध और प्रभावी प्रतिवादन किया जाना आवश्यक है।
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी हित से जुड़े सभी वादों के त्वरित निपटारा के लिए संबंधित विभागों द्वारा गंभीरता से कार्य किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन वादों में प्रतिवेदन या प्रतिकथन लंबित हैं, उन्हें निर्धारित समयावधि के भीतर न्यायालय में दाखिल कराना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान लंबित मामलों की समीक्षा की गयी और इनके शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई से लंबित वादों का शीघ्र निपटारा किया जाए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति लाना है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग यदि समय पर दस्तावेज़ और प्रतिवेदन उपलब्ध कराते हैं, तो सरकारी मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और न्यायालय से अनुकूल निर्णय प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक सरोजिनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, डीएलओ प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती मेरी मड़की, जिला परिवहन पदाधिकारी, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

