राजस्थान में सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मौत
दिल्ली: राजस्थान के कोटा जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौ लोगों की जान चली गई। हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुआ, जहां खाटू श्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना में छह अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रूजर में एक ही परिवार के करीब 14 से 15 सदस्य सवार थे। सभी महाराष्ट्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। परिवार खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब एक बजे नाता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा के नजदीक उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक में जा भिड़ी।

