गृहप्रवेश समारोह में भोजन खाने से 400 लोग बीमार, 19 की हालत गंभीर

रांची : पलामू जिले के नवडीहा-जमुआ गांव में गृहप्रवेश समारोह के दौरान आयोजित भोज का खाना खाने से करीब 400 लोग बीमार पड़ गए। इनमें 19 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमार लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को गांव के सहायक शिक्षक विमलेश यादव के घर गृहप्रवेश समारोह आयोजित किया गया था। इस मौके पर गांव और आसपास के परिचितों को भोज कराया गया था। बताया जाता है कि भोज में भोजन करने के कुछ घंटे बाद ही लोगों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त और पेट में जलन की शिकायत होने लगी। 21 नवंबर को बीमार लोगों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। धीरे-धीरे करीब 400 लोग इसकी चपेट में आ गए।
इसके बाद ग्रामीणों ने बीमार लोगों को छतरपुर के अस्पतालों में पहुंचाया। वहीं, कुछ गंभीर मरीजों को मेदिनीनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें 19 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मामले की सूचना मिलने के बाद मेदिनीनगर अस्पताल के चिकित्सकों की टीम गांव पहुंची। भोज में इस्तेमाल की गई खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही भोजन में गड़बड़ी और बीमारी के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
वहीं, गृहप्रवेश समारोह के आयोजक विमलेश यादव ने बताया कि भोज के लिए खाद्य सामग्री गांव की ही एक किराना दुकान से खरीदी गई थी। भोजन करने के बाद देर रात लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद लगातार बीमार लोगों की संख्या बढ़ती गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *