नगरपालिका आम निर्वाचन–2026: अध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन नहीं,वार्ड पार्षद पद के लिए 14 नामांकन पत्रों की बिक्री

खूंटी : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत नामांकन पत्रों की बिक्री की प्रक्रिया मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को पूरी की गई। अध्यक्ष पद के लिए किसी भी प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र नहीं खरीदा गया, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 14 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है।
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए इस तिथि को शून्य नामांकन पत्रों का विक्रय हुआ। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए विभिन्न वार्डों से प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे, जिससे चुनावी गतिविधियों में धीरे-धीरे गति आने के संकेत मिल रहे हैं।
वार्डवार विवरण के अनुसार वार्ड संख्या 3, 5, 6, 7, 8, 9, 14 और 19 से एक-एक नामांकन पत्र की बिक्री हुई। वहीं वार्ड संख्या 10, 11 और 15 से दो-दो नामांकन पत्र खरीदे गए। जबकि वार्ड संख्या 1, 2, 4, 12, 13, 16, 17 और 18 से किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र नहीं लिया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार नामांकन की आगामी तिथियों में प्रत्याशियों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है। जैसे-जैसे नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे नगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और तेज होने की उम्मीद है।
निर्वाचन विभाग ने सभी इच्छुक प्रत्याशियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि चुनाव कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *