मुझे पति से वो प्यार नहीं मिला, जो मिलना चाहिए ,ग्रेजुएशन की स्टूडेंट ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
भागलपुर। भागलपुर में 30 साल की एक महिला छात्रा (महिला) ने गले में फंदा लगाकर सुसाइड कर ली। महिला ने मौत से पहले एक सुसाइड नोट में उसने लिखा कि मुझे पति से जो प्यार मिलना चाहिए, वो प्यार नहीं मिल रहा है, इसलिए मैं सुसाइड जैसा कदम उठा रही हूं। मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है और महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने महिला के पति को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और महिला के आरोपों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
मामला इशाकचक थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान राजन राज की पत्नी मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना के बाद सिटी एसपी शुभांक मिश्रा और इशाकचक थाना के SHO चंद्रशेखर भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया। एफएसल टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
सुसाइड नोट में लिखा- मेरी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं
पुलिस को घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में मनीषा ने लिखा है कि मेरी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं है। उसने लिखा है कि मुझे अपने पति राजन राज से वो प्यार नहीं मिला, जिसकी मुझे उम्मीद थी। मनीषा ने सुसाइड नोट में अपने बच्चों के लिए भी लिखा कि तुम लोग अपने पिता के साथ अच्छे से रहना और अच्छे से पढ़ाई लिखाई कर जीवन में आगे बढ़ना। मृतका मनीषा का मायका बूढ़ानाथ मोहल्ले में है। घटना की खबर सुनते ही मनीषा का भाई, बहन और अन्य परिजन उसके ससुराल पहुंचे। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने प्राइवेट बैंक में काम करने वाले मनीषा के पति राजन राज को पूछताछ के लिए बुलाया। मनीषा के भाई के मुताबिक, वो तिलका मांझी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन कर रही थी और मंगलवार को उसका एग्जाम भी था। भाई ने बताया कि फांसी लगाने के बाद जब तक मनीषा को फंदे से उतारा जाता, तब तक उसकी सांसों की डोर टूट चुकी थी।



