नगर निकाय चुनाव: वार्ड-8 से शीतल वर्मा और वार्ड-1 से नकुल तिर्की ने किया नामांकन, विकास का लिया संकल्प

रांची : नगर निकाय चुनाव को लेकर रांची नगर निगम क्षेत्र में नामांकन का दौर जारी है। मंगलवार को समाहरणालय परिसर में पार्षद पद के प्रत्याशियों की भारी भीड़ देखने को मिली। भीड़ इतनी अधिक थी कि व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
नामांकन के क्रम में वार्ड संख्या-8 से शीतल वर्मा सैकड़ों समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचीं और पार्षद पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में शीतल वर्मा ने कहा कि नारी सशक्तिकरण उनका पहला उद्देश्य होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही वार्ड में नाली, सड़क, पेयजल, वृद्ध पेंशन, आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
शीतल वर्मा के समर्थन में मौजूद रिंकू मंझी, पूनम देवी और अधिवक्ता परशुराम प्रसाद ने कहा कि शीतल वर्मा एक जुझारू नेत्री हैं, जो हमेशा जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रही हैं। उन्होंने दावा किया कि वार्ड की जनता उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएगी।
वहीं वार्ड संख्या-1 से पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद नकुल तिर्की अपने समर्थकों के साथ निकले। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे पिछले दो कार्यकाल से पार्षद हैं और अपने वार्ड में पहले भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दुख में वे हमेशा साथ खड़े रहे हैं और आगे भी वार्ड के विकास के लिए लगातार काम करते रहेंगे। नकुल तिर्की ने विश्वास जताया कि जनता उन्हें तीसरी बार भी अपना आशीर्वाद देगी।
नकुल तिर्की के साथ मौजूद समाजसेवी श्रवण कुमार और रामनरायण राम ने भी उनकी जीत का दावा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *