नगर निकाय चुनाव: वार्ड-34 से अरुण झा ने किया नामांकन, समर्थकों में दिखा उत्साह

रांची : नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल करने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को रांची नगर निगम के वार्ड संख्या-34 से अरुण झा ने पार्षद पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।


नामांकन से पूर्व अरुण झा विद्यानगर स्थित अपने चुनाव कार्यालय से सैकड़ों समर्थकों के साथ निकले। इस दौरान उन्होंने विद्यानगर हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद लिया। इसके बाद समर्थकों ने गाजे-बाजे और नारेबाजी के साथ समाहरणालय पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाया। यहां अरुण झा ने पार्षद चुनाव के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में अरुण झा ने कहा कि उन्हें क्षेत्र की जनता का भरपूर सहयोग और स्नेह मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा की है। वे पहले वार्ड संख्या-26 से पार्षद रह चुके हैं और उस कार्यकाल में वार्ड में व्यापक विकास कार्य कराए गए, जो आज भी लोगों के सामने हैं। उन्होंने बताया कि अपने वार्ड में लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्होंने अन्य वार्डों के जरूरतमंद लोगों की भी हमेशा मदद की है।
अरुण झा ने कहा कि इस बार वे फिर से अपने पुराने क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि जनता उन्हें पुनः आशीर्वाद देगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल उनका नहीं, बल्कि वार्ड की जनता का चुनाव है और जनता ही इसे मजबूती से लड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *