मत्स्य, पशुपालन, गव्य विकास एवं उद्यान विभाग की डीसी ने की समीक्षा बैठक
खूंटी: डीसी मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में सोमवार को मत्स्य,पशुपालन,गव्य विकास एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में विभागवार संचालित योजनाओं एवं अद्यतन कार्यों के प्रगति की समीक्षा हुई।
समय पर पशुओं का वितरण तथा लाभुकों को योजनाओं का पूर्ण लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने पशुओं के नियमित टीकाकरण (वैक्सीनेशन), टैगिंग, स्वास्थ्य जांच एवं रोग नियंत्रण संबंधी कार्यों में तेजी लाने तथा पशुपालकों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का लाभ योग्य लाभुकों को देने को लेकर भी निर्देशित किया गया।
उद्यान विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विभिन्न फल, फूल एवं सब्जियों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए लाभुक चयन प्रक्रिया, पौध उपलब्धता एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यानिकी आधारित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र किसानों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति का अनुश्रवण करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
ㅤ
बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन एवं गव्य विकास पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


