आदिवासी बेटियों की सुरक्षा में विफल हेमंत सरकार, निशा भगत की मौत के बाद विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों ने खड़े किए सवाल
रांची: झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार को घेरा है। पार्टी की ओर से कहा गया कि राज्य में आदिवासी समाज की बहू-बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं। एक ओर 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस मनाने की तैयारी हो रही है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी बेटियों के साथ अत्याचार की घटनाएं चिंताजनक हैं।
भाजपा ने हाल में निशा भगत की मौत और कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग आदिवासी बच्ची के कथित यौन उत्पीड़न एवं गर्भपात के मामले का उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने दावा किया कि इस मामले में पॉक्सो (POCSO) और जेजे एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि हुई है।
भाजपा ने कांग्रेस के महिला सशक्तीकरण के दावों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देने वाली कांग्रेस इस मामले पर चुप क्यों है? राहुल गांधी और सोनिया गांधी अपने विधायक की गिरफ्तारी की मांग कब करेंगे? मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी पॉक्सो कानून के तहत तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।
भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आदिवासी, दलित और मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा करने में विफल रही है। पार्टी ने 15 नवंबर के महत्व का उल्लेख करते हुए झारखंड की जनता से आदिवासी बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने की अपील की।



