जयराम महतो के खिलाफ पुलिस एसोसिएशन का चरणबद्ध आंदोलन

रांची : डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। एसोसिएशन का आरोप है कि विधायक ने एक पुलिस पदाधिकारी के साथ कथित तौर पर अमर्यादित व्यवहार किया। संगठन का कहना है कि यह लड़ाई किसी एक पुलिसकर्मी की नहीं, बल्कि पूरे पुलिस परिवार के सम्मान, गरिमा और अधिकार की है।
एसोसिएशन के अनुसार मामले में धनबाद एसएसपी से जवाब मांगा गया, लेकिन जवाब नहीं मिला। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात के लिए भी समय मांगा गया था। संगठन ने दावा किया कि आंदोलन को अन्य पुलिस एसोसिएशनों का भी समर्थन प्राप्त है।
आंदोलन के तहत 8 से 11 सितंबर तक पुलिसकर्मी वर्दी पर काला बिल्ला लगाकर विरोध करेंगे। 19 सितंबर को पुलिस केंद्रों, थानों और ओपी में सामूहिक उपवास किया जाएगा तथा मेस बंद रखा जाएगा। 24 सितंबर को जिला एवं इकाई स्तर पर एसपी या समादेष्टा कार्यालय के समक्ष धरना होगा। केंद्रीय पदाधिकारी डीजीपी कार्यालय के समक्ष धरना देंगे।
मांगें पूरी नहीं होने पर 5 से 10 अक्टूबर तक सामूहिक अवकाश पर जाने की चेतावनी दी गयी है। एसोसिएशन ने नौ सूत्री मांगों में जयराम महतो के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई, वर्दी व राशन भत्ते में वृद्धि और विभिन्न भत्तों के पुनरीक्षण की मांग की है। दो बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य भत्ते की मांग भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *