झारखंड में 12,500 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के निर्माण का लक्ष्य, गांवों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

रांची: झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने VB-G RAM G योजना के तहत 12,500 किलोमीटर जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पहल पर इस योजना के तहत अब तक सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीण बसावटों को प्राथमिकता दी जाएगी।
योजना के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में सड़क निर्माण कराया जाएगा। इसमें पूर्वी सिंहभूम में सर्वाधिक 1,400 किलोमीटर, पलामू में 1,100, गढ़वा में 1,000, चतरा में 850 और लातेहार में 800 किलोमीटर सड़क बनाने का लक्ष्य है। वहीं पश्चिमी सिंहभूम में 750, हजारीबाग में 700, बोकारो और गोड्डा में 600-600 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।
इसके अलावा लोहरदगा और सिमडेगा में 500-500, देवघर, खूंटी, जामताड़ा और सरायकेला-खरसावां में 400-400 तथा गुमला और गिरिडीह में 350-350 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। रांची और पाकुड़ में 300-300, दुमका और धनबाद में 200-200, साहिबगंज और कोडरमा में 150-150 तथा रामगढ़ में 100 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इससे किसानों को अपनी उपज, सब्जियां, फल और लघु वनोपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। साथ ही परिवहन लागत और समय में कमी आएगी तथा ग्रामीणों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *