बजरा जतरा मैदान में सोहराय जतरा महोत्सव, 40 खोड़ा दलों ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा

रांची: आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक सोहराय जतरा महोत्सव गुरुवार को बजरा स्थित जतरा मैदान में धूमधाम से आयोजित किया गया। महोत्सव में झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे 40 खोड़ा दलों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक गीतों की धुन पर मैदान में मौजूद लोग देर तक झूमते नजर आए।
मुख्य संरक्षक अजीत कच्छप और अध्यक्ष लाखों भगत की अध्यक्षता में आयोजित इस महोत्सव में सभी 40 खोड़ा दलों का मंच पर सम्मान किया गया। टुंगा बरटोली, सुंदिल, सिरका, घोसाटोली, बाराडीह, इटकी और मलार इटकी मोड़ समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए दलों ने अपनी पारंपरिक नृत्य कला का प्रदर्शन किया। पूरे जतरा मैदान में आदिवासी संस्कृति और लोक परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली।
मौके पर अध्यक्ष लाखों भगत ने कहा कि जतरा आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान, परंपरा और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है। सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और ग्रामीण समाज को एक मंच पर लाने में जतरा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वहीं, मुख्य संरक्षक सह वार्ड पार्षद अजीत कच्छप ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान जतरा से जुड़ी हुई है। हमारे पूर्वजों ने इस परंपरा को शुरू किया था और अब युवा पीढ़ी इसे आगे बढ़ाने का काम कर रही है। जतरा केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक मेल-मिलाप का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए शादी-विवाह जैसे रिश्ते भी तय होते हैं। सोहराय जतरा महोत्सव दीपावली के दूसरे दिन से शुरू होता है और इसके साथ समाज में उत्सवों का सिलसिला आगे बढ़ता है।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष नरेश उरांव, बालेश्वर भगत, बिरसा मुंडा, जागरण मुंडा, चट्टी उरांव, जीतेश्वर मुंडा, बुधवा हेम्ब्रम, अमित सिंह, रंजन कुमार, राजेश तिर्की, मुन्नी मुंडा, सीता गाड़ी और सीता देवी सहित कई लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *