छेदों से भरी अपनी बनियान संभालें आदित्य साहू, दूसरे के फटे कुर्ते पर तंज कसने से पहले भाजपा अपने दामन में झांके: कांग्रेस
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले भाजपा नेताओं को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। जिनकी अपनी बनियान में छेद ही छेद हैं, उन्हें दूसरे के फटे कुर्ते पर तंज कसने से पहले अपने दामन की चिंता करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा को दूसरों के मामलों में नैतिकता और जवाबदेही का पाठ पढ़ाने से पहले अपने नेताओं और अपने राजनीतिक आचरण से जुड़े गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उठे सवालों और एपस्टीन फाइल से संबंधित सार्वजनिक चर्चाओं में जिन लोगों के नामों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उन पर भाजपा अपनी स्थिति स्पष्ट करे। दूसरों पर सवाल उठाने में जितनी तत्परता भाजपा दिखाती है, उतनी ही तत्परता उसे अपने मामलों में पारदर्शिता दिखाने में भी दिखानी चाहिए।
राकेश सिन्हा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होना या आरोप लगना उसे अपराधी घोषित करने का आधार नहीं हो सकता। कांग्रेस विधायक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, अब जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन जांच पूरी होने से पहले भाजपा जिस तरह राजनीतिक बयानबाजी कर रही है और खुद ही अदालत लगाकर फैसला सुना रही है, वह उचित नहीं है।
उन्होंने आदित्य साहू से सवाल किया कि क्या भाजपा में अब न्यायपालिका की भूमिका भी राजनीतिक नेताओं ने संभाल ली है? क्या भाजपा के प्रमाणपत्र से ही किसी को दोषी या निर्दोष घोषित किया जाएगा? देश की न्याय व्यवस्था और जांच एजेंसियां अपना काम करने में सक्षम हैं। भाजपा को जांच प्रक्रिया पर राजनीतिक दबाव बनाने और सार्वजनिक रूप से किसी को अपराधी घोषित करने से बचना चाहिए।
कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि कानून सबके लिए समान है। किसी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और किसी को राजनीतिक दुर्भावना से निशाना भी नहीं बनाया जाना चाहिए। निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, सच्चाई सामने आनी चाहिए और जो भी दोषी हो, उसे कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए।
भाजपा नेताओं को यह भी समझना होगा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी से न्याय नहीं होता। न्याय तथ्यों, सबूतों और निष्पक्ष जांच से होता है। इसलिए आदित्य साहू जी पहले जांच पूरी होने दीजिए, उसके बाद फैसला अदालत को करने दीजिए, भाजपा मुख्यालय को नहीं।




