फेयरफैक्स के सीओओ बोले, आईडीबीआई बैंक को वैश्विक पहचान दिलाने की क्षमता

जमशेदपुर: कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स ने 52,878 करोड़ रुपये में आईडीबीआई बैंक की 60.72 प्रतिशत नियंत्रण हिस्सेदारी खरीदने की पेशकश की है। कंपनी ने 81 रुपये प्रति शेयर की बोली लगाई, जो सरकार के 75.99 रुपये प्रति शेयर के निर्धारित मूल्य से अधिक है। अरबपति निवेशक प्रेम वत्स के नेतृत्व वाली फेयरफैक्स का उद्देश्य आईडीबीआई बैंक को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी वित्तीय संस्थान बनाना है।
फेयरफैक्स के प्रेसिडेंट एवं सीओओ पीटर क्लार्क ने कहा कि आईडीबीआई बैंक में वैश्विक पहुंच वाला भारत का सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सल बैंक बनने की क्षमता है। इससे देश का क्रेडिट-टू-जीडीपी अनुपात बढ़ाने और आम लोगों तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच बेहतर करने में मदद मिलेगी। प्रस्तावित अधिग्रहण के बाद सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की संयुक्त रूप से 34 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहेगी। फेयरफैक्स की योजना बैंकिंग के साथ बीमा, इन्वेस्टमेंट बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों को जोड़कर एक व्यापक वित्तीय सेवा प्लेटफॉर्म तैयार करने की है। इसके तहत गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस, गो डिजिट लाइफ इंश्योरेंस और आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज में हिस्सेदारी को भी बैंक के साथ जोड़ने का प्रस्ताव है। आईडीबीआई बैंक लंबे समय तक वित्तीय संकट से जूझता रहा। मई 2017 से मार्च 2021 तक बैंक आरबीआई के प्रॉम्प्ट करेक्टिव एक्शन (पीसीए) फ्रेमवर्क के तहत था। इस दौरान सरकार और एलआईसी को कई बार पूंजी सहायता देनी पड़ी। हालांकि, बाद में बैंक ने वित्तीय स्थिति में सुधार करते हुए मुनाफा दर्ज किया।
फेयरफैक्स को बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में चार दशक से अधिक का अनुभव है। भारत में कंपनी ने 2001 से निवेश शुरू किया था। इसके निवेश में आईसीआईसीआई बैंक, सीएसबी बैंक, डिजिट इंश्योरेंस, थॉमस कुक इंडिया और बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे संस्थान शामिल हैं। प्रस्तावित अधिग्रहण और कारोबारों के एकीकरण के लिए संबंधित नियामकीय संस्थाओं, शेयरधारकों और अन्य पक्षों की मंजूरी आवश्यक होगी। इस सौदे से आईडीबीआई बैंक के कारोबारी मॉडल में बड़ा बदलाव आने और उसे देश के प्रमुख विविधीकृत वित्तीय सेवा समूहों की श्रेणी में लाने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *