उलिहातू से खूंटी तक निकली भाजपा की जनजातीय गौरव पदयात्रा, 28 किलोमीटर का सफर तय कर पहुंची जिला कार्यालय
रांची/खूंटी: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से शुक्रवार को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा की शुरुआत की गई।
पदयात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं समेत हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। आदिवासी कार्यकर्ता पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-नगाड़ों के साथ नृत्य करते हुए शामिल हुए। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा से सुसज्जित भव्य रथ आकर्षण का केंद्र रहा। रथ के माध्यम से उनके संघर्ष, बलिदान और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ किए गए ऐतिहासिक उलगुलान का संदेश दिया गया।
उलिहातू से निकली पदयात्रा करीब 28 किलोमीटर की दूरी तय कर खूंटी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंची, जहां पहले दिन के कार्यक्रम का समापन हुआ। शनिवार सुबह सात बजे पदयात्रा आगे के लिए रवाना होगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा पूरे देश के गौरव हैं। उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि धरती आबा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी।प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, संगठन महामंत्री पवन साय और समीर उरांव ने भी पदयात्रा को जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
कार्यक्रम में गीता कोड़ा, सन्नी टोप्पो, रामकुमार पाहन, गंगोत्री कुजूर, शिवशंकर उरांव, मीरा मुंडा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




