15 अगस्त को मोराबादी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नहीं करेंगे झंडोत्तोलन, मंत्री संभालेंगे जिम्मा
रांची: राजधानी रांची के ऐतिहासिक मैदान में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झंडोत्तोलन नहीं। करेंगे। मुख्यमंत्री अपने दिवंगत पिता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म में व्यस्त हैं।
झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री 16 अगस्त को रांची लौटेंगे। ऐसे में 15 अगस्त को मोराबादी मैदान में झंडोत्तोलन की जिम्मेदारी किसी अन्य मंत्री को सौंपी गई है।
गौरतलब है कि झारखंड की राजधानी में हर साल मोराबादी मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होता है, जिसमें मुख्यमंत्री झंडोत्तोलन कर राज्यवासियों को संबोधित करते हैं। इस बार मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में कार्यक्रम की रूपरेखा में बदलाव किया गया है।
हर वर्ष की भांति इस बार भी मोराबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। आम तौर पर मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में झंडोत्तोलन कर राज्यवासियों को संबोधित करते हैं, लेकिन इस बार उनके व्यक्तिगत कारणों के चलते कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, झंडोत्तोलन की जिम्मेदारी मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू या मंत्री दीपिका पांडेय सिंह दी जा सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
राज्य सरकार की ओर से समारोह की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। समारोह में स्कूलों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। पुलिस, अर्धसैनिक बलों और एनसीसी द्वारा परेड का आयोजन होगा।



