“थैंक्स गवर्नमेंट फॉर जानकी टेम्पल” लिखकर मधुरेंद्र ने केंद्र और राज्य सरकार को दी अनोखी बधाई

भागलपुर। अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने पीपल के पत्तों पर जानकी मंदिर बनाकर केंद्र और राज्य सरकार को अनोखे अंदाज़ में धन्यवाद दिया। उन्होंने पत्ते पर लिखा – “Thanks Government for Janaki Temple”।अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार मधुरेंद्र कुमार ने सीतामढ़ी ज़िले के पुनौरा धाम मंदिर में भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान, पीपल के पत्ते पर भव्य जानकी मंदिर का चित्रण किया है। उन्होंने पत्ते पर माता सीता, प्रभु श्रीराम के साथ गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीरें भी उकेरी हैं।
मालूम हो कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद अब मिथिलांचल की धरती, सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में करोड़ों की लागत से बन रहे माता जानकी के भव्य और दिव्य मंदिर को लेकर पूरे बिहार में खुशी की लहर है। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने एक बार फिर अपनी अद्भुत कलाकृति से अपनी खुशी व्यक्त की है।भारत के गृह मंत्री अमित शाह एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में 8 अगस्त को सीतामढ़ी ज़िले के पुनौरा धाम मंदिर का भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसी अवसर पर मधुरेंद्र कुमार ने भव्य पुनौरा धाम मंदिर में विराजमान जनक नंदिनी सीता माता और श्रीराम का दिव्य चित्रण प्रस्तुत किया है। इसके साथ ही उन्होंने अमित शाह और नीतीश कुमार की तस्वीरें उकेरकर धन्यवाद संदेश लिखा – “Thanks Government for Janaki Temple”।मधुरेंद्र ने अपने तीन घंटे के कठिन परिश्रम से दुनिया की सबसे छोटी कलाकृतियों में से एक – मात्र 3 सेंटीमीटर आकार वाले पीपल के पत्तों पर माता सीता की भव्य प्रतिकृति बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पत्तियों पर बनी इस कलाकृति की बारीकी और अनोखी बनावट ने मिथिलावासियों व श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया है।यह चित्र न केवल एक कलात्मक उपलब्धि है, बल्कि समाज में जानकी मंदिर के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को प्रचारित करने का एक माध्यम भी है। मधुरेंद्र द्वारा बनाई गई यह तस्वीर एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *