खूंटी में नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद, जमशेदपुर का युवक गिरफ्तार
खूंटी : खूंटी पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध नशीली दवाओं के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल कुद्दुस, निवासी आजादनगर, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से नशीली दवाओं के साथ एक मोटरसाइकिल और स्मार्टफोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक, खूँटी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से रांची से खूँटी की ओर अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री के उद्देश्य से आ रहा है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूँटी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने तजना होटल के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ONEREX 100 एमएल सिरप की 120 बोतल, Nitrazepam Tablets IP (Nitrosun-10) की 140 टैबलेट और Alprazolam Tablets (OHMS ALPHA 0.5) की 895 टैबलेट बरामद की गईं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और एक स्मार्टफोन भी पुलिस ने जब्त किया है।
इस मामले में एनडीपीएस थाना खूँटी कांड संख्या 17/26, दिनांक 4 अक्टूबर 2026 के तहत NDPS Act, 1985 की धारा 21(c), 22(b), 22(c), 25 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम संभावित नेटवर्क और सप्लाई चैन का पता लगाने के लिए आगे अनुसंधान कर रही है।


