रांची में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़,एक अपराधी घायल
रांची : राजधानी रांची में चेन स्नैचिंग की लगातार हो रही घटनाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें रंगीला नाम का एक अपराधी घायल हो गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अपराधियों के पास से सोने की पांच चेन बरामद की हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रांची एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी समेत पुलिस के कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही मुठभेड़ और अपराधियों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को चेन स्नैचिंग गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने अपराधियों की घेराबंदी की। इसी दौरान अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की कार्रवाई में रंगीला घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अब बरामद पांचों सोने की चेन के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों और रांची में हुई चेन स्नैचिंग की पुरानी घटनाओं से इनके कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद पूरे गिरोह की गतिविधियों और अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।


