पारस एचईसी हॉस्पिटल में जटिल न्यूरो सर्जरी से दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मरीज को मिला नया जीवन,डॉ अरुण कुमार एवं उनकी टीम ने ऑपरेशन कर बचाई जान
रांची: गंभीर सड़क दुर्घटना और सिर में गंभीर चोट के बाद जिंदगी और मौत से जूझ रहे युवक ने इलाज के बाद स्वस्थ होकर नई जिंदगी पाई है। पारस एचईसी हॉस्पिटल में चिकित्सकों की टीम ने जटिल न्यूरो सर्जरी और हड्डी के ऑपरेशन के जरिए मरीज की जान बचाई। अस्पताल में 13 दिनों तक चले उपचार के बाद मरीज को अच्छी स्थिति में छुट्टी दे दी गई। अब मरीज बिना किसी सहारे चलने में सक्षम है और उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य है। पारस एचईसी हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट (न्यूरो सर्जरी) डॉ अरुण कुमार ने बताया कि युवक को गंभीर सिर की चोट और शरीर के कई हिस्सों में चोट (पॉलीट्रॉमा) के साथ इमरजेंसी में लाया गया था। प्राथमिक उपचार और जरूरी जांच के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। सिर में गंभीर चोट को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन किया गया। इसमें दाहिनी ओर डिकम्प्रेसिव क्रैनिएक्टॉमी (डीसी) और ड्यूरोप्लास्टी की गई, ताकि मस्तिष्क पर पड़ने वाले दबाव को कम किया जा सके। मरीज की दाहिनी जांघ की हड्डी भी टूटी हुई थी। इसके तीन दिन बाद जांघ की हड्डी का ऑपरेशन किया गया। धीरे-धीरे मरीज की स्थिति में सुधार हुआ और उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया। बाद में सिर की दाहिनी ओर हड्डी का फ्लैप दोबारा प्रत्यारोपित किया गया। वर्तमान में मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य रूप से चल-फिर रहा है।
पारस एचईसी हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने कहा कि गंभीर दुर्घटना के मामलों में समय पर इलाज, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम और बेहतर आईसीयू सुविधाएं मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। युवक का स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौटना अस्पताल की समर्पित चिकित्सा टीम के प्रयासों का परिणाम है। अस्पताल मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


