90 दिन का अल्टीमेटम पूरा, आंदोलन की रणनीति बताने पहुंचे छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया

रांची: जेपीएससी-जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली और नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितताओं के खिलाफ छात्र आंदोलन एक बार फिर तेज होने जा रहा है। सरकार को दिए गए 90 दिनों के अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने के बाद बुधवार को जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के छात्र आगे की आंदोलन की रणनीति बताने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे। हालांकि, प्रतिबंधित स्थल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया और जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर हिरासत में ले लिया। हिरासत में ली गई छात्रा अबिबा भी शामिल हैं।
दरअसल, पूर्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल और राज्य सरकार के मंत्रियों के बीच हुई वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित किया गया था। उस दौरान मंत्रियों ने छात्रों की मांगों पर कार्रवाई के लिए 90 दिनों का समय मांगा था। छात्रों का आरोप है कि निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद उनकी मांगें पूरी नहीं हुई हैं। वहीं, प्रशासन ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम को सील कर धरना-प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित कर दिया है।
मौके पर छात्र नेता गुलाम रसूल और अबिबा ने कहा कि सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि 90 दिनों में मांगें पूरी नहीं होने पर 91वें दिन आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा। इसी घोषणा के तहत वे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें धक्का देकर वहां से हटाया और हिरासत में ले लिया। छात्रों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
छात्रों ने कहा कि उनका आंदोलन समाप्त नहीं, बल्कि स्थगित हुआ था। अब GENZ RISING के तहत JPSC-JSSC REFORM 2.0 की शुरुआत की जा रही है। इसके माध्यम से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, नियुक्तियों में तेजी और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी। छात्रों का कहना है कि झारखंड के युवाओं को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि रोजगार और न्यायसंगत अवसर चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *