खेल युवाओं को नशे से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है : उदय भानु चिब

रांची: मांडर विधानसभा स्तरीय प्रखंड युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य फाइनल मुकाबला आज मांडर के बूढ़ाखुखरा मैदान में अपार उत्साह और जनभागीदारी के बीच संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय भानु चिब शामिल हुए। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री सह मांडर विधायक श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की तथा पूर्व मंत्री श्री बंधु तिर्की सहित प्रदेश कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने अपने संबोधन में कहा कि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और उनकी पूरी टीम ने इस टूर्नामेंट का बेहद शानदार आयोजन किया है। ऐसे आयोजन युवाओं को नई दिशा देने के साथ उनमें सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। खेल युवाओं को नशापान, ड्रग्स और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकना केंद्र सरकार, विशेषकर गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पाकिस्तान सहित विभिन्न देशों से मादक पदार्थों की तस्करी की खबरें सामने आती रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
श्री चिब ने झारखंड सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिल्पी नेहा तिर्की की इस पहल से प्रेरणा लेकर युवा कांग्रेस देश के अन्य राज्यों में भी इसी तरह के खेल आयोजनों को प्रोत्साहित करेगी।
कृषि मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की ने टूर्नामेंट की ऐतिहासिक सफलता पर झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, खिलाड़ियों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी भी स्तर पर बड़े और प्रतिष्ठित आयोजनों से कम नहीं है। खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सद्भाव विकसित करती हैं। एक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल सड़क, नाली और गली का निर्माण कराना ही नहीं, बल्कि मानव संसाधन का विकास करना और युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना भी है। राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट इसी सकारात्मक सोच और प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि मांडर विधानसभा के पांचों प्रखंडों के युवाओं को एक मंच पर लाकर खेल के माध्यम से आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव को मजबूत करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री बंधु तिर्की एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज एवं राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के बाद विजेता एवं अन्य स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में मॉडल P2 ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरस्कारों का विवरण इस प्रकार रहा—

  1. प्रथम पुरस्कार: ₹1,00,000 एवं विशाल ट्रॉफी।
  2. द्वितीय पुरस्कार: ₹70,000 एवं ट्रॉफी।
  3. तृतीय पुरस्कार: ₹51,000 एवं ट्रॉफी।
  4. चतुर्थ पुरस्कार: ₹30,000 एवं ट्रॉफी।
  5. पंचम पुरस्कार: ₹21,000 एवं ट्रॉफी।

इसके अतिरिक्त व्यक्तिगत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सुरजीत उरांव को मैन ऑफ द मैच, सनी मिंज को मैन ऑफ द टूर्नामेंट तथा मितलेश मिंज को बेस्ट गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन रविंदर सिंह, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन, एम तौसीफ, सतीश पॉल मुंजनी सहित कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा मांडर विधानसभा के पांचों प्रखंडों के अध्यक्ष, महिला कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट ने न केवल स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर दिया, बल्कि मांडर विधानसभा में सामाजिक सद्भाव, युवा एकजुटता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का एक सशक्त संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *